सच्चाई: हरियाणा से आए पिता ने ही फिल्मी अंदाज में कार से उठाया था अपना ही बेटा
मुगलसराय (चंदौली)।शनिवार दोपहर चंदौली जिले का रतनपुर गांव उस वक्त दहल गया, जब यह खबर आग की तरह फैली कि 5 साल के मासूम शिवम का कार सवार बदमाशों ने अपहरण कर लिया है।
डायल 112 पर सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
लेकिन जब पुलिस ने गांव पहुंचकर पड़ताल शुरू की, तो कहानी में बड़ा मोड़ आया!
मामला किसी गैंग का नहीं, बल्कि हरियाणा से आए पति-पत्नी के पारिवारिक विवाद का निकला।
दो महीने पहले मां अपने बेटे को लेकर मायके (रतनपुर) आ गई थी। शनिवार को पति सोमवीर अपने साथी संग कार से पहुंचा और मौका पाकर बेटे को लेकर हाईवे की तरफ भाग निकला।
CCTV से मिला सुराग, बिछाया गया जाल:कार रामनगर से हाईवे की तरफ भागती दिखी।
मुगलसराय पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए वाराणसी और इलाहाबाद (प्रयागराज) रूट के सभी थानों को अलर्ट किया। नतीजा यह हुआ कि भदोही के थाना ऊंज की पुलिस ने नाकेबंदी कर कार को धर दबोचा और मासूम शिवम को बिल्कुल सही-सलामत बरामद कर लिया।
पुलिस का कहना है: “बच्चा सुरक्षित है। पुलिस टीम उसे वापस ला रही है। वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।”









