बभनी गांव में मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान, विधायक रिंकी कोल ने किया शुभारंभ
80 से 90 प्रतिशत अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित, विधायक के सामने रखीं गांव के विकास से जुड़ी चार मांगें

जिगना (मिर्जापुर)। क्षेत्र के ग्राम पंचायत करनी-भावा के मजरा बभनी गांव में बभनी कल्याण सेवा समिति की ओर से मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि छानबे विधायक रिंकी कोल ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान 80 से 90 प्रतिशत तक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
समारोह में विधायक रिंकी कोल के समक्ष समिति की ओर से गांव के विकास और बुनियादी सुविधाओं से संबंधित चार प्रमुख मांगें रखी गईं। इनमें हनुमान मंदिर के विकास के लिए सहयोग, मंदिर परिसर में सोलर लाइट लगवाने, मुख्य मार्ग से गांव को जोड़ने वाली सड़क का निर्माण तथा गांव के मुख्य मार्ग पर प्रवेश द्वार (गेट) बनवाने की मांग शामिल रही। इस पर विधायक ने सड़क निर्माण की मांग पर पहल करते हुए मुख्य मार्ग से प्राथमिक विद्यालय तक 7.50 मीटर सड़क निर्माण कार्य की स्वीकृति मिलने की जानकारी दी। इससे ग्रामीणों में विकास कार्य को लेकर उम्मीद जगी।
मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए अतिथियों ने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास का सबसे मजबूत आधार है। ग्रामीण अंचलों में भी प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। अतिथियों ने छात्र-छात्राओं से पूरी लगन, मेहनत और अनुशासन के साथ पढ़ाई जारी रखने तथा अपने परिवार, गांव और क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का आयोजन बभनी कल्याण सेवा समिति के संस्थापक हरिशंकर शुक्ला, आनंद शुक्ला एवं नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर अपना दल के पदाधिकारी राजकुमार दुबे, जोन अभिभावक अवधेश पाल, जून अध्यक्ष सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
समारोह में समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।









