जब न्याय की जरूरत थी, अपनों ने साधी चुप्पी’— गार्गी सिंह का इस्तीफा बना पूर्वांचल में चर्चा का विषय
विशेष ब्यूरो, चंदौलीसमाजवादी पार्टी के भीतर अंदरूनी खींचतान और उपेक्षा की आग अब खुलकर सतह पर आ गई है। चंदौली में सपा को उस वक्त एक बड़ा झटका लगा, जब महिला सभा की जिलाध्यक्ष गार्गी सिंह ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और अपने पद से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे दिया।भावुक और राजनीतिक रूप से तीखे तीरों से भरे अपने इस्तीफे में गार्गी सिंह ने पार्टी नेतृत्व पर उपेक्षा, अनदेखी और आत्मसम्मान से खिलवाड़ के गंभीर आरोप लगाए हैं।
”जब मुझे न्याय और साथ की जरूरत थी, संगठन मौन रहा”
गार्गी सिंह ने अपने पत्र को महज एक प्रशासनिक इस्तीफा मानने से इनकार करते हुए इसे लंबे समय से दबाई गई पीड़ा का प्रस्फुटन बताया है। उन्होंने संगठन की कार्यप्रणाली पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा:”मैंने हमेशा सड़क से लेकर संगठन तक महिलाओं, बच्चियों और शोषितों के हक की लड़ाई लड़ी। लेकिन जब स्वयं मेरे जीवन में कठिन मोड़ आया और मुझे सुरक्षा व राजनीतिक सहयोग की दरकार थी, तब जिनसे साथ की उम्मीद थी, वे मौन साधे रहे। यह मौन किसी आघात से कम नहीं था।”


इस्तीफे के 4 मुख्य राजनीतिक पहलू:
चुनावी इस्तेमाल का आरोप:
उन्होंने कहा कि कोई भी राजनीतिक दल सिर्फ चुनाव के वक्त कार्यकर्ताओं को याद करके मजबूत नहीं हो सकता। असली परीक्षा संकट के समय कार्यकर्ता के साथ खड़े होने में होती है
गंभीर आरोपों की ओर इशारा:
अपने पत्र के अंत में उन्होंने संकेत दिया कि जब उन पर कथित अन्याय हो रहा था, तब पार्टी से जुड़े कुछ लोगों के नाम भी चर्चा में थे, फिर भी संगठन ने चुप्पी साधे रखी।
सिद्धातों और आत्मसम्मान की लड़ाई:
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह फैसला किसी राजनीतिक सौदेबाजी या दबाव का नतीजा नहीं, बल्कि स्वाभिमान की रक्षा के लिए लिया गया निर्णय है।
संघर्ष का नया अध्याय:
गार्गी सिंह ने साफ संदेश दिया कि “पद छीने जा सकते हैं, रास्ते रोके जा सकते हैं, लेकिन किसी महिला के संघर्ष की ताकत को खत्म नहीं किया जा सकता। पद छूटा है, लड़ाई जारी रहेगी।”
चंदौली की राजनीति में गरमाहट
गार्गी सिंह के इस अप्रत्याशित कदम से पूर्वांचल की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। स्थानीय स्तर पर मजबूत पकड़ रखने वाली महिला नेत्री के जाने से सपा के महिला विंग को बड़ा नुकसान माना जा रहा है। अब देखना यह होगा कि सपा आलाकमान इस इस्तीफे पर क्या रुख अपनाता है या डैमेज कंट्रोल के लिए क्या कदम उठाता है









