सात दिवसीय योग शिविर का शुभारंभ, पहले दिन 70 से अधिक लोगों ने लिया भाग
पड़ाव। स्थानीय चौराहे के समीप स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय उद्यान में सोमवार से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में सात दिवसीय योगाभ्यास शिविर का शुभारंभ हुआ। शिविर के पहले दिन 60 से सत्तर की संख्या में भाई-बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और योगाभ्यास किया। आयोजकों ने बताया कि यह एक घंटे की योग कार्यशाला प्रतिदिन प्रातः 5:00 बजे से 6:30 बजे तक संचालित होगी। शिविर में प्रशिक्षित योग शिक्षकों द्वारा योग की विभिन्न विधाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे प्रतिभागी स्वयं योग करने के साथ-साथ दूसरों को भी योग के प्रति जागरूक कर सकें। कार्यक्रम में पतंजलि योग समिति, आयुष मंत्रालय से जुड़े प्रतिनिधियों तथा स्थानीय योग प्रशिक्षकों का सहयोग प्राप्त होगा। आयोजकों ने क्षेत्र के सभी नागरिकों से समय पर पहुंचकर योग शिविर का लाभ उठाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की है। इस अवसर पर शाखा कार्यवाह अरविंद सिंह, खंड व्यवस्था प्रमुख बृजेश, कमलेश, मिथिलेश, भारत, पारस, सुधा, अंजली, सरोज सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे। शिविर का समापन 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भव्य आयोजन के साथ किया जाएगा।









