पंचशील डिग्री कॉलेज में जनगणना 2027 के द्वितीय चरण का प्रशिक्षण शुरू
स्व गणना पर विशेष जोर, सुपरवाइजर और प्रगणकों को दिया जा रहा तीन दिवसीय प्रशिक्षण

हलिया मिर्ज़ापुर मवई कला स्थित पंचशील डिग्री कॉलेज में शुक्रवार को जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के लिए सुपरवाइजर और प्रगणकों का प्रशिक्षण शुरू हुआ। प्रशिक्षण में जनगणना कार्य में लगाए गए शिक्षकों को सुपरवाइजर और प्रगणक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रत्येक सुपरवाइजर और प्रगणक को तीन दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाना है।प्रशिक्षण के दौरान स्व गणना पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने अधिक से अधिक लोगों को स्व गणना के लिए प्रेरित करने पर बल दिया, जिससे जनगणना की प्रक्रिया को सुगम बनाया जा सके। स्व गणना की प्रक्रिया 16 नवंबर से शुरू होगी, जबकि प्रगणकों के पी ई ऐप के माध्यम से जनगणना का कार्य एक दिसंबर से प्रारंभ होकर 10 जनवरी तक चलेगा। जनगणना के दौरान प्रत्येक व्यक्ति से कुल 40 प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रशिक्षण में प्रगणकों और सुपरवाइजरों को जनगणना से संबंधित प्रक्रियाओं, निर्धारित जिम्मेदारियों तथा मोबाइल एप के उपयोग की जानकारी दी जा रही है।चल रहे प्रशिक्षण का उपजिलाधिकारी लालगंज, तहसीलदार लालगंज और खंड शिक्षा अधिकारी हलिया ने दौरा किया। अधिकारियों ने प्रशिक्षण की जानकारी लेते हुए जनगणना कार्य को निर्धारित समयसीमा में व्यवस्थित ढंग से पूरा करने तथा स्व गणना के प्रति लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया।प्रशिक्षण देने वाले फील्ड ट्रेनरों में वेद प्रकाश दुबे, संजय यादव, सुमित श्रीवास्तव, विनय अग्रहरि, धनेश्वर सिंह और कमलेश पटेल सहित अन्य प्रशिक्षक शामिल हैं। जनगणना कार्य के लिए कुल 14 फील्ड ट्रेनर लगाए गए हैं।











