Varanasi शांतिपूर्ण होली के लिए ACP चेतगंज की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक, आयोजकों को दिए गए आवश्यक निर्देश
रिपोर्ट पवन जायसवाल
वाराणसी होली पर्व को सौहार्दपूर्ण एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को एसीपी चेतगंज डॉ. ईशान सोनी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में चेतगंज, सिगरा और जैतपुरा थाना क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले होलिका दहन एवं होली आयोजकों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था।बैठक को संबोधित करते हुए एसीपी डॉ. सोनी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि होलिका दहन केवल निर्धारित स्थानों और तय समय पर ही किया जाए। किसी भी परिस्थिति में परंपरागत स्थलों में बदलाव नहीं किया जाना चाहिए।


उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि त्योहार बिना किसी व्यवधान के मनाया जाए।ध्वनि प्रदूषण की समस्या से निजात दिलाने के लिए उन्होंने डीजे और लाउडस्पीकर की आवाज़ शासन द्वारा निर्धारित मानकों के भीतर ही रखने का निर्देश दिया, ताकि आम नागरिकों, विशेषकर बीमार और बुजुर्ग लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए एसीपी ने आयोजकों से विशेष निगरानी रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की भड़काऊ पोस्ट अफवाह या आपत्तिजनक सामग्री साझा न की जाए। यदि इस तरह की कोई गतिविधि सामने आती है, तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस स्टेशन या वरिष्ठ अधिकारियों को दी जाए।संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने और आयोजकों एवं स्थानीय निवासियों के बीच आपसी समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। डॉ. सोनी ने कहा होली भाईचारे और उल्लास का प्रतीक है। हम सबका सामूहिक दायित्व है कि इसे सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाया जाए। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।बैठक में संबंधित एसीपी चेतगंज डॉ ईशान सोनी चेतगंज थाना प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार शुक्ला जैतपुरा थानाअध्यक्ष उपेंद्र कुमार सिंह क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक एवं विभिन्न आयोजन समितियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। आयोजकों ने प्रशासन के निर्देशों का पालन करने का भरोसा दिलाया।
संवाददाता – पवन जायसवाल










