अलीनगर (चंदौली)। जनपद में अपराध और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सक्रियता का दावा करता है, लेकिन अलीनगर क्षेत्र में सामने आया मोटरसाइकिल चोरी का मामला इन दावों पर सवाल खड़े कर रहा है।
मामला 11 अक्टूबर 2026 की रात का बताया जा रहा है। पीड़ित पवन पासवान पुत्र राम अवतार पासवान के प्रार्थना पत्र के अनुसार, देर रात लगभग 1 से 3 बजे के बीच उनकी मोटरसाइकिल चोरी हो गई। चोरी हुई बाइक का नंबर UP65 GA 2246 बताया गया है,
पीड़ित के मुताबिक, मोटरसाइकिल घर के पास खड़ी थी। रात के सन्नाटे में चोर वाहन लेकर निकल गए, लेकिन सवाल यह है कि आखिर उस दौरान पुलिस की रात्रि गश्त कहां थी? क्या क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग हो रही थी? यदि पुलिस की गश्त प्रभावी थी तो चोरों के हौसले इतने बुलंद कैसे हुए कि वे रात के समय घर के पास खड़ी मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए?

सबसे गंभीर बात यह है कि पीड़ित की मोटरसाइकिल फाइनेंस पर ली गई थी। वाहन चोरी होने के बाद भी फाइनेंस की जिम्मेदारी पीड़ित पर बनी हुई है। ऐसे में एक तरफ मोटरसाइकिल चोरी का नुकसान और दूसरी तरफ किस्तों का बोझ, पीड़ित की परेशानी बढ़ा रहा है।

पीड़ित ने 12 अक्टूबर 2026 को चौकी प्रभारी को प्रार्थना पत्र देकर मोटरसाइकिल चोरी की शिकायत की और वाहन बरामद कराने की मांग की है।







