गोमती नगर में देर रात टक्कर के बाद सामूहिक हमला, नकदी व जेवरात लूटे जाने का आरोप
लखनऊ। राजधानी के गोमती नगर स्थित विभूति खण्ड क्षेत्र में 20 फरवरी 2026 की रात लगभग 11:00 से 11:30 बजे के बीच एक सनसनीखेज घटना सामने आई। शिकायतकर्ता श्री रवि दूबे के अनुसार वह अपने मित्रों योगेश पाण्डेय एवं विजय पाण्डेय के साथ घर लौट रहे थे। जब वे एसबीआई बैंक, विभूति खण्ड के पास पहुँचे, तभी गलत दिशा से आ रही एक क्रेटा कार (UP 32 8181) ने उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी।आरोप है कि टक्कर के बाद जब उन्होंने चालक से बात करने की कोशिश की, तो चालक ने अपने 10 से 12 साथियों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर उन्हें घेर लिया और ईंट, बेल्ट तथा लोहे की रॉड से हमला कर दिया। पीड़ितों के सिर में गंभीर चोटें आईं और काफी रक्तस्राव हुआ।









शिकायतकर्ता का आरोप है कि हमलावरों ने पिस्टल दिखाकर गोली मारने की धमकी भी दी।पीड़ित के अनुसार हमले के दौरान ₹1,31,000 नकद, एक सोने की चेन, उनके मित्र की एक सोने की चेन तथा एक सोने की अंगूठी छीन ली गई। घटना के बाद आरोपियों ने शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।इस संबंध में थाना विभूति खण्ड में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 115(2), 125(a), 191(2), 281, 351(2) एवं 352 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

जांच उप-निरीक्षक इरशाद अहमद को सौंपी गई है।पुलिस का कहना है कि वाहन नंबर के आधार पर मालिक की पहचान की जा रही है तथा आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। घायलों की मेडिकल रिपोर्ट को भी साक्ष्य के रूप में शामिल किया गया है।घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पीड़ित पक्ष ने मामले में निष्पक्ष एवं कठोर कार्रवाई की मांग की है।










