रामनगर में आस्था का सरेआम अपमान: जहाँ कैमरा ले जाना भी है मना, वहाँ रील्स के लिए भोजपुरी गाने पर थिरकीं महिलाएँ; उठी कार्रवाई की मांग!
वाराणसी (रामनगर):आस्था और धर्म की नगरी काशी में एक बार फिर धार्मिक मर्यादा को तार-तार करने का मामला सामने आया है। मामला रामनगर थाना अंतर्गत रामनगर पोखरा स्थित प्राचीन मां दुर्गा मंदिर का है, जहां कुछ महिलाओं ने मंदिर की पवित्रता और नियमों को ताक पर रख दिया। जिस मंदिर परिसर में ‘फोटो खींचना मना है’ का साफ निर्देश बोर्ड लगा हुआ है, ठीक उसी बोर्ड के सामने खड़ी होकर ये महिलाएं भोजपुरी गाने पर ठुमके लगाती और रील बनाती नजर आ रही हैं।
’नो फोटो’ के बोर्ड का सरेआम उड़ाया मजाक
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि मंदिर के मुख्य द्वार के पास दीवार पर बड़े-बड़े अक्षरों में लिखा है— “फोटो खींचना सख्त मना है”। इसके बावजूद, पीले रंग की साड़ी और अन्य परिधानों में सजी ये महिलाएं न सिर्फ वहां वीडियो शूट कर रही हैं, बल्कि तेज भोजपुरी संगीत पर नृत्य कर मर्यादा की धज्जियां उड़ा रही हैं।
इंस्टाग्राम आईडी आई सामने, सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा
वीडियो में रील बनाने वाली महिला की इंस्टाग्राम आईडी aarti_chotu_1370 (Aarti Devi) साफ तौर पर दिखाई दे रही है, जिसने इस वीडियो को अपने अकाउंट पर पोस्ट किया है। वीडियो के सामने आने के बाद स्थानीय निवासियों और सनातन धर्म प्रेमियों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यह आस्था का केंद्र है, कोई रील बनाने का थिएटर नहीं। ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में कोई भी धार्मिक स्थलों का ऐसा अपमान करने की हिम्मत न कर सके।
रामनगर पुलिस से सख्त कार्रवाई की उम्मीद
अब देखना यह होगा कि रामनगर थाना पुलिस इस वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर इन महिलाओं पर क्या कार्रवाई करती है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि इस मामले में सख्त से सख्त कदम उठाया जाए, जिससे रील्स के चक्कर में अंधा हो चुके ऐसे लोगों को कड़ा सबक मिले।
[इंडिया समाचार 24×7 की अपील: धार्मिक स्थलों की पवित्रता बनाए रखें। मंदिर पूजा और आत्मिक शांति के लिए हैं, इन्हें सोशल मीडिया के व्यूज और लाइक्स बटोरने का जरिया न बनाएं।]








