मुख्य विकास अधिकारी ने किसान दिवस में आए कृषकों की सुनी समस्याएं, सम्बन्धित अधिकारियों को दिया निस्तारण का निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मुख्य विकास अधिकारी ने किसान दिवस में आए कृषकों की सुनी समस्याएं, सम्बन्धित अधिकारियों को दिया निस्तारण का निर्देश

मीरजापुर 16 सितम्बर 2026- मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार की अध्यक्षता में विकास भवन, पथरहिया के ऑडिटोरियम में किसान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें जनपद के विकास खण्डों से आये हुए कृषकों के साथ-साथ कृषि, पशुपालन, उद्यान, सहकारिता, विद्युत, सिंचाई सहित कृषि एवं कृषि से सम्बन्धित अन्य विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।उप कृषि निदेशक विकेश कुमार द्वारा किसान दिवस से सम्बन्धित पिछली कार्यवाही को पढ़कर सुनाया गया तथा उपस्थित किसानों की समस्याओं के समाधान के बारे में भी बताया गया। बृजराज सिंह, जिला सचिव, भारतीय किसान यूनियन (टिकैत), लालगंज, मीरजापुर द्वारा अवगत कराया गया कि लालगंज कलवारी सम्पर्क मार्ग, लालगंज ओवर ब्रिज के पास धंस गई है व कंजड़ कालोनी से लेकर लालगंज ब्लाक तक नाली निर्माण न होने से लोग घरों का नाबदान व गन्दा पानी सड़क पर बहाने के कारण कंजड़ कालोनी में जगह-जगह पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गये हैं। उसे तत्काल ठीक कराया जाए। अरुण कुमार सिंह (मुन्ना), युवा जिलाध्यक्ष, भारतीय किसान यूनियन (टिकैत), लालगंज, मीरजापुर द्वारा अवगत कराया गया कि ग्राम पंचायत रामपुर कामता प्रसाद के प्राथमिक विद्यालय पर बच्चों के आने-जाने में रास्ते पर कीचड़ व पानी भर जाता है उस रास्ते पर तत्काल खड़ंजा का निर्माण कराने की कृपा करें, साथ ही बताया गया कि ग्राम पंचायत रामपुर कामता प्रसाद में आराजी नं0 475 नाली है व आराजी नं0 453 चकमार्ग जिसे सरहदी काश्तकारों द्वारा कब्जा किया गया है जिसे खाली करवाने की कृपा करें। कंचन सिंह फौजी, चुनार, मीरजापुर द्वारा बताया गया कि ग्रामसभा बरी जीवन, तहसील चुनार, जनपद मीरजापुर के रहने वाले हैं। हमारे ग्राम सभा में सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान (मॉडल शॉप) जनवरी माह से बनकर तैयार है लेकिन अधिकारी व कोटेदार की मिलीभगत से पूर्व प्रधान को लाभ

दिलाने के लिए पूर्व प्रधान के निजी आवास में वितरण कराया जा रहा है कई बार शिकायत किया गया परन्तु अभी तक सरकारी दुकान में नहीं किया गया। कृपया वितरण को सरकारी दुकान में कराने की कृपा करें। साथ ही अवगत कराया गया कि अहरौरा बांध के मेन कैनाल का मुख्य गेट खराब होने से पानी का रिसाव होता है दीवार बनाकर पानी को रोका गया है। वर्षा होने पर दीवार टूट सकती है। अविलम्ब निर्माण कराया जाए। कृषक त्रिवेणी पाण्डेय द्वारा अवगत कराया गया कि गुरुसण्डी व भटेवरा के बॉर्डर पर स्थित नाली विगत वर्षों से उक्त नाली पर अतिक्रमण हो जाने से सिंचाई की समस्या उत्पन्न हो रही है, जिसको साफ करवाने के लिए सम्बन्धित को निर्देशित करने की कृपा करें। किसान दिवस में मुख्य विकास अधिकारी द्वारा कृषकों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। बैठक में परियोजना निदेशक डी0आर0डी0ए0 धर्मजीत सिंह, जिला कृषि अधिकारी डॉ0 अवधेश पाठक, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ0 बी0के0 पाठक, ए0आर0 कोआपरेटिव अमित पाण्डेय, अग्रणी जिला प्रबन्धक व अन्य विभागीय अधिकारी गण उपस्थित रहे।

Vikash Tiwari
Author: Vikash Tiwari

और पढ़ें

[democracy id="1"]
error: Content is protected !!