19 साल की पत्नी का खौफनाक चेहरा आया सामने, मासूम बेटी के सामने पति की बेरहमी से हत्या
आंध्र प्रदेश। रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले से सामने आई है। पुलिस के अनुसार, 19 वर्षीय महिला ने अपने पति को मंदिर में दर्शन कराने का बहाना बनाया और रास्ते में अपने कथित प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश को अंजाम दिलाया।
मृतक 23 वर्षीय रमेश तमिलनाडु का रहने वाला था और होसुर की एक निजी कंपनी में काम करता था। उसकी शादी करीब दो वर्ष पहले हसिनी से हुई थी और दोनों की एक छोटी बेटी भी है। शुरुआती जांच में सामने आया कि हसिनी का अपने बचपन के दोस्त यगंधर से कथित प्रेम संबंध था।
पुलिस का आरोप है कि दोनों ने मिलकर रमेश को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।घटना वाले दिन हसिनी ने पति से कहा कि वे बेटी के लिए भगवान का आशीर्वाद लेने श्री मल्लेश्वर स्वामी मंदिर चलें। पहाड़ी रास्ते में वह मोबाइल से लगातार कथित प्रेमी को अपनी लोकेशन भेजती रही। तीसरे हेयरपिन मोड़ के पास उसने कथित तौर पर अपना हैंडबैग सड़क पर फेंक दिया। जैसे ही रमेश बाइक रोककर बैग उठाने उतरा, पहले से घात लगाए हमलावर बाहर निकल आए।
रमेश ने जान बचाने के लिए जंगल की ओर भागने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने पीछा कर धारदार हथियारों से उसकी हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार, यह पूरी वारदात उस समय हुई जब उनकी छोटी बेटी भी घटनास्थल के पास मौजूद थी।फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।










