जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने ली बैठक, दिया आवश्यक दिशा-निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने ली बैठक, दिया आवश्यक दिशा-निर्देश

मीरजापुर 16 सितम्बर 2026- जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) की तैयारियों को लेकर जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना कार्य से जुड़े तकनीकी सहायकों, जनगणना लिपिकों, तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना देश का सबसे बड़ा प्रशासनिक एवं सांख्यिकीय कार्य है, जो विकास योजनाओं का आधार बनता है, इसलिए इसमें शत-प्रतिशत शुद्धता एवं गोपनीयता बरती जाए। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में मकान सूचीकरण का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा द्वितीय चरण में जनसंख्या की वास्तविक गणना की जाएगी।

इस चरण में प्रत्येक परिवार के सदस्यों की संख्या, आयु, लिंग, शिक्षा, व्यवसाय, मातृभाषा, दिव्यांगता एवं अन्य जनसांख्यिकीय विवरण डिजिटल माध्यम से एकत्र किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी प्रगणक एवं सुपरवाइजर को मोबाइल ऐप आधारित गणना का प्रशिक्षण समय से पूर्ण कर लिया जाए। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लिए ब्लाकवार चार्ट तैयार कर जनगणना कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि दुर्गम, वनवासी बस्तियों में कोई भी परिवार गणना से वंचित न रहे। जनगणना सामग्री, प्रशिक्षण किट एवं मानदेय का समय से वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश जिला जनगणना अधिकारी को दिया। उन्होंने सभी अधिकारियों/कर्मचारियों को टीम भावना के साथ कार्य कर जनगणना को सफल बनाने का आह्वान किया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 विनोद कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह, उप जिलाधिकारी चुनार अनेग सिंह, लालगंज अजीत सिंह, तहसीलदार सदर दीक्षा पाण्डेय, लालगंज विशाल शर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल वर्मा सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।

Vikash Tiwari
Author: Vikash Tiwari

और पढ़ें

[democracy id="1"]
error: Content is protected !!