द वाइब गैस्ट्रोबार संचालक ने पीछा करने और जान से मारने की धमकी का लगाया आरोप, सिगरा पुलिस से लगाई सुरक्षा की गुहार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी: गैस्ट्रोबार संचालक ने दी तहरीर, CCTV जांच की उठाई मांग

रिपोर्ट : पवन जायसवाल

वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र स्थित एक द वाइब गैस्ट्रोबार के संचालक ने कुछ अज्ञात लोगों पर पीछा करने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाते हुए थाना सिगरा में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर सिगरा पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के सप्तसागर निवासी यथार्थ चौरसिया, जो सिगरा स्थित आईपी मॉल बिल्डिंग के चौथे तल पर संचालित ‘द वाइब गैस्ट्रोबार’ के संचालक हैं, ने पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि 26 जुलाई 2026 की रात लगभग 2:30 बजे बार बंद कर हिसाब-किताब करने के बाद जब वह घर जाने के लिए निकले, तभी बिल्डिंग के बाहर पहले से घात लगाए पांच लोग मौजूद थे।

तहरीर के अनुसार, इनमें से दो लोग यूपी 65 एफयू 3838 नंबर की सफेद फ्रॉन्क्स कार में सवार थे, जबकि तीन अन्य बिल्डिंग के गेट के पीछे खड़े थे। जैसे ही वह बाहर निकले, सभी लोग उन्हें गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे और उनका पीछा करने लगे।

यथार्थ चौरसिया का आरोप है कि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने सूझबूझ का परिचय देते हुए अपनी बाइक से सिगरा पेट्रोल पंप की ओर रुख किया और रास्ता बदलकर किसी तरह अपने घर पहुंचे। उनका कहना है कि यदि उन्होंने समय रहते रास्ता नहीं बदला होता, तो उनके साथ कोई गंभीर घटना हो सकती थी।

उन्होंने पुलिस से मांग की है कि घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर आरोपियों की पहचान की जाए और उनके विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए।

शिकायतकर्ता का कहना है कि वह एक व्यवसायी हैं और भविष्य में भी उनके साथ ऐसी घटना की पुनरावृत्ति की आशंका बनी हुई है।गौरतलब है कि सिगरा थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्र की अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्यशैली की चर्चा अक्सर क्षेत्र में होती रही है।

ऐसे में शिकायतकर्ता ने भी पुलिस से निष्पक्ष जांच और प्रभावी कार्रवाई की उम्मीद जताई है।सिगरा पुलिस ने प्रार्थना पत्र प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

और पढ़ें

[democracy id="1"]
error: Content is protected !!