शहीद पंडित भरतभूषण तिवारी की श्रद्धांजलि सभा सम्पन्न, न्याय की लड़ाई सुप्रीम कोर्ट तक ले जाने का संकल्प शहीद गांव बाजार में क्रांतिकारी शहीद पंडित भरतभूषण तिवारी की स्मृति में आयोजित श्रद्धांजलि सभा भावपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई।
रिपोर्ट : मानस दीक्षित
Chandauli News
सभा में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, युवाओं एवं समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर शहीद भरतभूषण तिवारी को श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके संघर्ष और बलिदान को याद किया।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित वैभव कुमार त्रिपाठी ‘डबलू’ ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि पंडित भरतभूषण तिवारी केवल एक व्यक्ति नहीं थे, बल्कि अन्याय, अत्याचार और भ्रष्टाचार के विरुद्ध संघर्ष का प्रतीक थे। उनका बलिदान समाज को अन्याय के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा देता रहेगा।अपने संबोधन में वैभव त्रिपाठी ने कहा कि जिस प्रकार देश के विभिन्न हिस्सों में कथित एनकाउंटर की घटनाएं बढ़ रही हैं, वह न्याय व्यवस्था और संवैधानिक मूल्यों के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के अपराध या निर्दोष होने का निर्णय न्यायालय के बजाय गोलियों से होने लगे, तो यह न्यायपालिका के अस्तित्व और संविधान द्वारा प्रदत्त विधि के शासन पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।
उन्होंने घोषणा की कि शहीद पंडित भरतभूषण तिवारी प्रकरण में न्याय दिलाने के लिए कानूनी लड़ाई को सर्वोच्च स्तर तक ले जाया जाएगा तथा आवश्यकता पड़ने पर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर न्याय की मांग की जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इस विषय पर जनहित से जुड़े संवैधानिक प्रश्नों को उठाते हुए जनहित याचिका (PIL) दाखिल करने की दिशा में भी पहल की जाएगी, ताकि भविष्य में किसी भी नागरिक के मौलिक अधिकारों का हनन न हो सके।वैभव त्रिपाठी ने कहा कि समाज के लिए संघर्ष करने वाले भरतभूषण तिवारी की शहादत इस बात की याद दिलाती है कि लोकतंत्र में असहमति और जनहित की आवाज को दबाने का कोई भी प्रयास अंततः जनता के प्रतिरोध को और मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा, संविधान की मर्यादा और न्याय की स्थापना के लिए समाज को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा।सभा में उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीद भरतभूषण तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा न्याय की लड़ाई में उनके परिवार और समाज के साथ खड़े रहने का संकल्प लिया।इस अवसर पर सर्वश्री मिंटू तिवारी, भोला तिवारी, राहुल तिवारी, गणेश तिवारी, पवन मिश्रा, राजेश तिवारी, शिवदत्त तिवारी, रानू तिवारी, पीयूष तिवारी, अनुज तिवारी, अनूप तिवारी, विकास पाण्डेय, विष्णुदत्त तिवारी, अखिलेश पाण्डेय, सुनील तिवारी, शशिकांत तिवारी, पंकज तिवारी एवं सोशल एक्टिविस्ट मानस दिक्षित सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एवं युवा उपस्थित रहे।अंत में उपस्थित जनसमूह ने शहीद भरतभूषण तिवारी के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए न्याय की मांग को आगे बढ़ाने और सामाजिक एकता को मजबूत करने का संकल्प दोहराया।










