छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी ने नारघाट एवं सुंदरघाट का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
मीरजापुर। लोक आस्था एवं सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा को लेकर नगर पालिका परिषद मीरजापुर के अध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी ने आज नारघाट एवं सुंदरघाट का स्थलीय निरीक्षण कर छठ पूजा की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाटों पर प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं आवागमन को सुगम बनाने के लिए की जा रही बैरिकेडिंग व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि छठ महापर्व से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित की जाएं, जिससे व्रती माताओं-बहनों एवं श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी ने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, श्रद्धा और लोक संस्कृति का अत्यंत पवित्र पर्व है। नगर पालिका अध्यक्ष के रूप में उनका संकल्प है कि नगर पालिका के अंतर्गत आने वाले सभी घाटों पर प्रतिदिन स्वयं पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे तथा माताओं-बहनों एवं श्रद्धालुओं को होने वाली छोटी-बड़ी समस्याओं को समझकर उन्हें दूर करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि व्रती माताओं-बहनों की सुविधा, सुरक्षा और सम्मान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। छठ पूजा के दौरान नगर के सभी घाटों पर स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए नगर पालिका प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है, ताकि श्रद्धालु पूरी श्रद्धा एवं उल्लास के साथ भगवान सूर्य की उपासना का महापर्व संपन्न कर सकें।
नगर पालिका अध्यक्ष की इस सक्रियता एवं स्वयं घाटों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की निगरानी करने की पहल से छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सकारात्मक प्रयास देखने को मिल रहा है।
इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष गौरव ऊमर, मंडल अध्यक्ष नितिन विश्वकर्मा, मंडल महामंत्री कृष्ण कुमार सिंह, मंडल उपाध्यक्ष रूपेश यादव, नगर मंत्री गोपाल अग्रवाल, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष अश्वनी गुप्ता, मनमोहन जायसवाल, अधिशासी अधिकारी जी. लाल, सीएसआई मनोज सेठ, एसबीएम संजय सिंह, जेई विवेक बिंद, प्रिंस केशरी, विजय गुप्ता सहित सफाई नायक एवं अन्य कर्मचारीगण उपस्थित रहे।










