कुलपति प्रो. शोभा गौड़ ने महापुरुषों के आदर्शों को जीवन में अपनाने का दिया संदेश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

माँ विन्ध्यवासिनी विश्वविद्यालय में स्वच्छता अभियान के साथ मनाई गई गांधी एवं शास्त्री जयंती

मीरजापुर माँ विन्ध्यवासिनी विश्वविद्यालय, मीरजापुर के अस्थायी परिसर राजकीय महाविद्यालय, उमरिया, मीरजापुर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर विशेष कार्यक्रम एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. शोभा गौड़ ने किया।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. शोभा गौड़ ने विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित स्वच्छता अभियान में स्वयं सहभागिता करते हुए श्रमदान किया। उन्होंने उपस्थित शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं को स्वच्छता के प्रति सजग रहने का संदेश दिया तथा सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ परिसर का निर्माण केवल किसी एक व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह विश्वविद्यालय परिवार के प्रत्येक सदस्य का सामूहिक दायित्व है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. शोभा गौड़ ने कहा कि महात्मा गांधी के विचार एवं जीवन-दर्शन संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। गांधी जी ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सादगी को अपने जीवन में अपनाकर समाज के सामने आदर्श प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि गांधी जी के स्वच्छता संबंधी संदेश को केवल किसी विशेष दिवस तक सीमित न रखते हुए अपने दैनिक जीवन एवं व्यवहार का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार एवं युवा पीढ़ी का आह्वान किया कि महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण करने के साथ-साथ उनके आदर्शों को अपने आचरण में भी उतारें।

कुलपति ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए उनके सादगीपूर्ण, ईमानदार एवं राष्ट्रसमर्पित जीवन पर प्रकाश डाला। उन्होंने शास्त्री जी के प्रसिद्ध नारे ‘जय जवान, जय किसान’ का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका जीवन कर्तव्यनिष्ठा, सादगी एवं राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर युवा पीढ़ी अपने दायित्वों का ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ निर्वहन कर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. शोभा गौड़ ने माँ विन्ध्यवासिनी विश्वविद्यालय एवं विश्वविद्यालय से सम्बद्ध सभी महाविद्यालयों के प्रबन्धकों, प्राचार्यों तथा महाविद्यालयों में कार्यरत सभी शिक्षक एवं कर्मचारियों को गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

स्वच्छता अभियान एवं जयंती समारोह में विश्वविद्यालय के कुलसचिव राम नारायण, वित्त अधिकारी गिरीश चन्द, परीक्षा नियंत्रक हरीश चन्द, सहित विश्वविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों एवं अन्य सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा परिसर की स्वच्छता में अपना योगदान दिया।

Vikash Tiwari
Author: Vikash Tiwari

और पढ़ें

[democracy id="1"]
error: Content is protected !!