पाण्डेयपुर ज्वेलर्स से गहने चुराने वाली महिला को कैण्ट पुलिस के हत्थे चढ़ी, चोरी का माल बरामद
रिपोर्ट पवन जायसवाल
वाराणसी पाण्डेयपुर स्थित ए.के ज्वेलर्स की दुकान से सोने-चांदी के आभूषण चुराने वाली महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
वाराणसी पुलिस आयुक्तालय के थाना कैण्ट पुलिस ने यह कार्रवाई करते हुए आरोपी के कब्जे से चोरी गए सभी आभूषण भी बरामद कर लिए।
पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी महिला को उस समय हिरासत में लिया, जब वह संदिग्ध अवस्था में घूम रही थी।
पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम शीला देवी (42 वर्ष) पत्नी सोनू विश्वकर्मा, निवासी सिकिया, थाना नारायनपुर, मिर्जापुर बताया।पुलिस के अनुसार, 27 जनवरी 2026 को आरोपी महिला पाण्डेयपुर स्थित ए.के. ज्वेलर्स की दुकान पर गहने खरीदने के बहाने पहुंची थी। जब दुकानदार अन्य ग्राहकों को सामान दिखाने में व्यस्त हुआ, तो उसने मौके का फायदा उठाकर सोने-चांदी के कई आभूषण पार कर दिए।
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में यह पूरी घटना कैद हो गई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान की और उसकी तलाश शुरू कर दी थी।19 फरवरी की शाम लगभग 3:30 बजे संदिग्ध महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। शाम 5:00 बजे उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई कीमती आभूषण बरामद किए हैं, जिसमें एक जोड़ी टप्स, एक नथिया, बालियां, छाली, दो अंगूठियां (कुल 16.455 ग्राम सोना) तथा 55.380 ग्राम चांदी का कड़ा शामिल है।आरोपी के खिलाफ थाना कैण्ट में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4)/305/317(2) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
पुलिस मामले की अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र के अलावा महिला उपनिरीक्षक आरती गोंड़, उपनिरीक्षक बलवंत कुमार एवं कांस्टेबल अतुल कुमार पांडेय शामिल रहे।
संवाददाता – पवन जायसवाल










