चन्दौली/पड़ाव:चन्दौली के पड़ाव क्षेत्र में प्रशासनिक व्यवस्था और स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं। नियम-कानूनों को ताक पर रखकर मुर्गा व्यापारियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि वे बेखौफ होकर मुख्य मार्ग और आम जनता के लिए बने फुटपाथों पर अवैध कब्जा जमाए हुए हैं। “मेराज चिकन शॉप” जैसी दुकानें सरेराह सड़क किनारे पिंजरे रखकर बिना किसी आड़ या पर्दा के खुलेआम मुर्गा काट रही हैं।
पुलिस और प्रशासन की चुप्पी पर उठ रहे बड़े सवाल
हद तो यह है कि यह सब कुछ स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की नाक के नीचे चल रहा है, इसके बावजूद जिम्मेदार आंखें मूंदे बैठे हैं। क्या स्थानीय थाने और चौकी की पुलिस को यह अवैध अतिक्रमण और खुली गंदगी दिखाई नहीं देती?

या फिर इन पर कार्रवाई न होने के पीछे पुलिस की ढिलाई और संरक्षण एक बड़ा कारण है? सड़क पर इस तरह के अवैध कारोबार से पुलिस की कार्यशैली पर भी अब उंगलियां उठने लगी हैं।
राहगीरों का चलना दूभर, आक्रोशित जनता ने की सख्त कार्रवाई की मांग

सड़क की पटरियों पर इस तरह गंदगी फैलने और तीखी बदबू के कारण राहगीरों, महिलाओं और स्कूली बच्चों का निकलना मुहाल हो गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर पुलिस और प्रशासन ने जल्द ही अपनी नींद नहीं तोड़ी और इन अवैध दुकानदारों पर डंडा नहीं चलाया, तो जनता कभी भी बड़ा कदम उठा सकती है। अब देखना यह होगा कि इस खबर के सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन कोई ठोस कदम उठाता है या फिर मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है।













