
जिगना। स्थानीय थाना क्षेत्र के खैरा गाँव में प्रयागराज उच्च न्यायालय के जज जयकृष्ण उपाध्याय के बंद पड़े मकान से चोरों ने लाखों का माल पार कर दिया। घटना स्थल पर पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। जज के बड़े भाई माताम्बर उपाध्याय ने बताया कि वह अपना इलाज कराने के लिए तीन दिन पहले गाजियाबाद में बेटे के पास गए हुए थे। शनिवार की शाम घर पहुंचे तो देखा कि कई कमरों का ताला टूटा हुआ था। माताम्बर उपाध्याय चार भाइयों में बड़े हैं। वह घर पर रहकर खेतीबाड़ी का काम कराते हैं। वह घर पर ही रहते हैं। पुलिस क्षेत्राधिकारी अमर बहादुर एसओजी प्रभारी राजीव सिंह सहित पुलिस एवं प्रशासन के कई अधिकारी मौके पर पहुँच गए हैं। मकान मालिक ने कितने का सामान चोरी हुआ है यह बताने से इंकार किया। कहा कि थोड़ा समय दीजिये सब पता चल जाएगा। थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। शीघ्र ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।













