एक दिवसीय रोवर्स-रेंजर्स बिगिनर्स कोर्स कार्यक्रम सम्पन्न

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

एक दिवसीय रोवर्स-रेंजर्स बिगिनर्स कोर्स कार्यक्रम सम्पन्न

मीरजापुर। भारत स्काउट एवं गाइड, उत्तर प्रदेश शाखा, माँ विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय, मीरजापुर के तत्वावधान में शुक्रवार को एक दिवसीय रोवर्स-रेंजर्स महाविद्यालय प्रभारी प्रशिक्षण कार्यक्रम (बिगिनर्स कोर्स/कार्यशाला) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य संबद्ध महाविद्यालयों में रोवर्स-रेंजर्स इकाइयों के गठन एवं संचालन को प्रभावी बनाना तथा महाविद्यालय प्रभारी शिक्षकों को रोवर्स-रेंजर्स की गतिविधियों, प्रशिक्षण प्रक्रिया, सामाजिक सेवा, आपदा प्रबंधन, प्रकृति संरक्षण एवं विभिन्न पुरस्कारों से संबंधित जानकारी प्रदान करना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता माँ विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. शोभा गौड़ ने की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रोवर्स-रेंजर्स जैसी गतिविधियाँ विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना एवं सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने के साथ ही उन्हें समाज और राष्ट्र के प्रति अधिक संवेदनशील बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने महाविद्यालयों में रोवर्स-रेंजर्स इकाइयों को सक्रिय एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने पर बल दिया।
कार्यक्रम के मुख्य प्रशिक्षक श्री मयंक शर्मा, संयुक्त प्रादेशिक संगठन आयुक्त रहे। उन्होंने प्रतिभागियों को रोवर्स-रेंजर्स की विभिन्न गतिविधियों, प्रशिक्षण प्रक्रिया तथा इकाइयों के गठन एवं संचालन से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान की। प्रशिक्षण के दौरान प्रत्येक महाविद्यालय में रोवर्स एवं रेंजर्स इकाई के गठन पर विशेष बल दिया गया।
प्रतिभागियों को बताया गया कि विद्यार्थी रोवर्स-रेंजर्स से जुड़कर विभिन्न प्रशिक्षण एवं सेवा गतिविधियों में सहभागिता कर सकते हैं तथा प्रवेश स्तर से लेकर राज्य एवं राष्ट्रपति पुरस्कार तक की निर्धारित प्रक्रियाओं में प्रतिभाग कर सकते हैं। विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध बी.एस.जी. स्कॉलरशिप सहित अन्य अवसरों की भी जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण सत्रों में आपदा प्रबंधन, समाज सेवा एवं प्रकृति संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को बताया गया कि रोवर्स-रेंजर्स गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में नेतृत्व, आत्मनिर्भरता, अनुशासन, सेवा भावना एवं सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे गुणों का विकास किया जा सकता है। साथ ही महाविद्यालय प्रभारी शिक्षकों को इकाइयों के गठन, उनके संचालन तथा विद्यार्थियों को नियमित गतिविधियों से जोड़ने की व्यावहारिक जानकारी भी दी गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में लगभग 50 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतिभागियों ने कार्यक्रम को उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से संबद्ध महाविद्यालयों में रोवर्स-रेंजर्स गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाने की आवश्यकता व्यक्त की।
कार्यशाला में मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय के कुलसचिव राम नरायन, परीक्षा नियंत्रक हरीश चंद्र सहित सह-प्रशिक्षकों के रूप में श्री चंद्रकांत, जिला संगठन आयुक्त रोवर, श्री आनंद कुमार मौर्य, जिला प्रशिक्षण आयुक्त, सुश्री अमरावती, जिला संगठन आयुक्त रेंजर, श्रीमती कादंबरी, जिला प्रशिक्षण आयुक्त तथा श्री यादव, जिला संगठन आयुक्त इत्यादि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में माँ विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय के मुख्य आयुक्त प्रो. सूबेदार यादव ने आभार ज्ञापन किया। उन्होंने सभी प्रशिक्षकों, प्रतिभागियों एवं आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वविद्यालय एवं संबद्ध महाविद्यालयों में रोवर्स-रेंजर्स गतिविधियों को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने पर बल दिया। कार्यक्रम का सफल संचालन राजेश कुमार प्रजापति, सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त, विंध्याचल मंडल ने की।

Vikash Tiwari
Author: Vikash Tiwari

और पढ़ें

[democracy id="1"]
error: Content is protected !!