बैंक आधारित स्वरोजगार योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण कराएं निस्तारण, बैंकर्स-उद्यमियों के आवेदन फार्म को भी भरवाने में करे सहयोग – मण्डलायुक्त

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मण्डलायुक्त ने मण्डलीय उद्योग बंधु की बैठक में उद्यमियों की समस्याओं को सुनते हुए संतुष्टिपूर्ण निस्तारण का दिया निर्देश

मीरजापुर 18 सितम्बर 2026- मण्डलायुक्त विन्ध्याचल मण्डल राजेश प्रकाश ने आज आयुक्त कार्यालय सभागार से मण्डलीय उद्योग बंधु की बैठक जूम माध्यम से करते हुए उनकी समस्याओं को सुना तथा सम्बन्धित अधिकारियों को संतुष्टिपूर्ण निस्तारण का निर्देश दिया। बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना एवं एक जनपद एक उत्पाद वित्त पोषण योजना की समीक्षा के दौरान मण्डलायुक्त ने तीनों जनपदों के लीड बैंक के प्रबंधकों को निर्देशित करते हुए कहा कि अपने-अपने स्तर से भी बैंकों की समीक्षा करते हुए बैंक पर आधारित स्वरोजगार योजनाओं के तहत प्राप्त आवेदनों का संतुष्टिपूर्ण व समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें तथा उद्यमियों के द्वारा बैंक ऋण के लिए भरे जाने वाले आवेदन को सही भरवाने में सहयोग भी प्रदान करें। उन्होंने कहा कि बैंकों द्वारा जिस प्रार्थना पत्र को निरस्त किया जाए उसके कारण सहित सम्बन्धित को जानकारी देते हुए संयुक्त निदेशक उद्योग को भी अवगत कराएं। निवेश मित्र पोर्टल की समीक्षा के दौरान पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों के सापेक्ष विभाग स्तर पर समयान्तर्गत एवं विभाग स्तर पर समय के उपरान्त लम्बित प्रार्थना पत्रों की समीक्षा करते हुए श्रम विभाग के तीन आवेदन समय के उपरान्त लम्बित होने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की तथा सहायक श्रमायुक्त सोनभद्र को तत्काल निस्तारण का निर्देश दिया। बैठक में बीएस रोड लोहरा नहर से वियर निर्माण इकाई तक मार्ग के चौड़ीकरण के सम्बंध में अधिशासी अभियंता सोनभद्र द्वारा अवगत कराया गया कि उक्त मार्ग पर दो किलोमीटर तक सड़क पूर्ण करा ली गई, शेष कार्य प्रगति पर है, शेष कार्य समय रहते पूर्ण करा लिया जाएगा। इसी प्रकार मुकेश साहू अध्यक्ष पूर्वांचल व्यापार मण्डल ने कहा कि भरूहना चौकी से सटी भूमि पर बने पार्क का रखरखाव उद्यान विभाग को हस्तांतरित करने की मांग तथा शास्त्री ब्रिज पर लाइटों को ठीक कराने के सम्बंध में नगर मजिस्ट्रेट ने बताया कि लाइटों को ठीक कराया गया था, पुनः प्राधिकरण द्वारा लाइटों को ठीक कराने के लिए निविदा कराई गई, नवरात्रि से पूर्व ठीक करा लिया जाएगा। बैठक में मीरजापुर सोनभद्र में नए औद्योगिक क्षेत्र की मांग के सम्बंध में बताया गया कि संयुक्त आयुक्त उद्योग के द्वारा नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने के लिए पत्र बनाकर शासन को भेजा गया है। बैठक में सीएम डैशबोर्ड, ट्रांसपोर्ट नगर के निर्माण, टटहाई रोड पर स्थित यूको बैंक आदि के सम्बंध में चर्चा की गई, जिस पर मण्डलायुक्त ने समय रहते कार्यवाही करने का निर्देश दिया। बैठक में संयुक्त आयुक्त उद्योग विरेन्द्र कुमार के अलावा जूम माध्यम से नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह एवं जनपद सोनभद्र, भदोही एवं मीरजापुर के उद्यमी व अधिकारी जूम माध्यम से जुड़े रहे।

Vikash Tiwari
Author: Vikash Tiwari

और पढ़ें

[democracy id="1"]
error: Content is protected !!