
दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल, उद्यमियों को चेक और लाभार्थियों को टूल किट वितरित
मीरजापुर। भगवान विश्वकर्मा जयंती के पावन अवसर पर विकास भवन परिसर में मंडल स्तरीय मेगा क्रेडिट कैंप एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि नगर विधायक विंध्यधाम पं. रत्नाकर मिश्र ने किया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को लाभान्वित किया। उन्होंने दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल वितरित की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के लाभार्थियों को चेक तथा प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना से जुड़े लाभार्थियों को टूल किट प्रदान की गई। लाभार्थियों ने योजनाओं से मिल रहे सहयोग के लिए आभार जताया।
मुख्य अतिथि ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा लगाए गए विभिन्न उत्पादों की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया और महिलाओं से उनके उत्पादों एवं स्वरोजगार से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी ली।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार सहित दिव्यांगजन, विश्वकर्मा योजना के लाभार्थी, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत पात्र लाभार्थियों को स्वरोजगार, कौशल विकास और आर्थिक सहायता से जोड़ने पर जोर दिया गया।











