कौशांबी। जिले के महिला थाने में मंगलवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब ड्यूटी पर तैनात महिला कांस्टेबल प्रियंका यादव संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गईं। आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका प्रियंका यादव मूल रूप से गाजीपुर जिले की निवासी थीं। वह वर्ष 2025 बैच की सिपाही थीं और कौशांबी के महिला थाने में अपनी सेवाएं दे रही थीं। मंगलवार को ड्यूटी के दौरान अचानक गोली चलने की आवाज से थाना परिसर में हड़कंप मच गया। सहकर्मियों ने जब जाकर देखा तो प्रियंका खून से लथपथ पड़ी थीं।गोली किन परिस्थितियों में और कैसे चली—यह कोई दुर्घटना थी, सरकारी असलहे की मिसफायरिंग या मामला कुछ और है—फिलहाल इसका खुलासा नहीं हो सका है। उच्च अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लेते हुए घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है।











