जौनपुर:रक्षाबंधन के पावन अवसर पर गुरुवार को नगर स्थित ‘होटल रिवर व्यू’ में पंचायती राज विभाग की महिला सफाई कर्मचारियों ने एक अनोखा कार्यक्रम आयोजित किया। महिला सफाई कर्मियों ने राज्य के पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर को राखी बांधकर व डाक के जरिए राखी भेजकर उनसे सुरक्षा के साथ-साथ अधिकार का उपहार मांगा।
लखनऊ में दिए गए आश्वासन की दिलाई याद



महिला सफाई कर्मियों ने मंत्री को 20 दिसंबर 2024 को लखनऊ स्थित पंचायती राज निदेशालय में दिए गए उनके आश्वासन की याद दिलाई। उन्होंने कहा कि मंत्री की ओर से तीन माह के भीतर तीन प्रमुख मांगों को पूरा करने का वादा किया गया था, जो अभी तक अधूरा है। इसी कड़ी में प्रदेशभर की महिला सफाईकर्मी हर जनपद मुख्यालय पर प्रतीकात्मक रूप से राखी भेजकर वादा निभाने का आग्रह कर रही हैं।
ये हैं महिला सफाई कर्मियों की 3 प्रमुख मांगें:
सेवा नियमावली लागू करना:
सफाई कर्मचारियों के लिए स्पष्ट और पारदर्शी सेवा नियमावली बनाई जाए।
पदनाम परिवर्तन: विभागीय पदनाम में सम्मानजनक बदलाव किया जाए।
पदोन्नति (प्रमोशन): लंबे समय से सेवा दे रहे कर्मचारियों के लिए पदोन्नति के अवसर सुनिश्चित किए जाएं।
कार्यक्रम में प्रमुख पदाधिकारी रहीं मौजूद
इस अवसर पर महिला विंग की जिलाध्यक्ष रीना सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मंजू शर्मा, पूर्व वरिष्ठ उपाध्यक्ष पूनम कौशल, उर्मिला चौहान, सुधा मौर्य, विमला, रेखा देवी, अर्चना देवी, नीलम यादव, शकुंतला देवी, माधुरी, टीना, रेखा पाल सहित बड़ी संख्या में महिला सफाई कर्मचारी उपस्थित रहीं।












