बुलंदशहर:रक्षाबंधन के पावन पर्व को देखते हुए जिले में शांति, कानून-व्यवस्था और विशेष रूप से महिला यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) दिनेश कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर (CO City) प्रखर पांडेय ने शहर के मुख्य बस स्टैंड पर भारी पुलिस बल के साथ सघन चेकिंग अभियान चलाया और सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया।
यात्री प्रतीक्षालय और संदिग्धों की गहन चेकिंग
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बस स्टैंड परिसर, यात्री प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर और आसपास के संवेदनशील इलाकों का बारीकी से निरीक्षण किया।
संदिग्ध व्यक्तियों, लावारिस वस्तुओं और वाहनों की गहनता से तलाशी ली गई ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।महिला यात्रियों से किया सीधा संवाद, दिया सुरक्षा का भरोसानिरीक्षण के दौरान एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बस स्टैंड पर मौजूद महिला यात्रियों से सीधा संवाद किया।
उन्होंने यात्रा के दौरान मिलने वाली सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली और सभी को निर्भीक एवं सुरक्षित यात्रा का पूरा भरोसा दिलाया।



ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को सख्त निर्देशएसएसपी ने मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों को चौकस और पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत उच्च अधिकारियों को देने और यात्रियों के साथ सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने की सख्त हिदायत दी गई।












