छतारी (बुलंदशहर):रक्षाबंधन के पावन अवसर पर केसरीमल भगवानदास सरस्वती शिशु मंदिर, छतारी के विद्यालय परिवार की बहनों ने पुलिसकर्मियों को रक्षासूत्र बाँधकर सुरक्षा का वचन लिया।
रिपोर्ट दीपक चौहान
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य तिलक राम, आचार्य भगिनी मुस्कान और आशिता, सहायक आचार्य ब्रजेश तथा अशोक तोमर (बहलोलपूर) की उपस्थिति में छात्राओं ने थाना छतारी पहुंचकर थाना प्रभारी (SHO) नरेंद्र सिंह एवं समस्त पुलिस स्टाफ की कलाई पर राखी बाँधी और उनके दीर्घायु व उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी









इस मौके पर थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह ने पुलिस की कार्यप्रणाली और जनसुरक्षा व्यवस्था के बारे में उपस्थित लोगों को विस्तार से अवगत कराया। उन्होंने वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराध और ऑनलाइन धोखाधड़ी के प्रति सतर्क करते हुए इससे बचाव के महत्वपूर्ण उपाय बताए।
SHO ने सभी को जागरूक रहने की सलाह दी और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या ऑनलाइन ठगी की आशंका होने पर तुरंत संबंधित अधिकारियों या साइबर हेल्पलाइन को सूचित करने की अपील की।
विद्यालय परिवार ने व्यक्त किया आभार
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य ने छतारी पुलिस की तत्परता और जनसेवा की सराहना करते हुए थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह एवं पूरी पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।












