मग्गू पटेल के घर के पास बगीचे से गंगा किनारे तक… जुआरियों का ठिकाना मग्गू पटेल के घर के पास चल रहे अड्डे पर पुलिस का छापा”
चन्दौली पुलिस का ‘ऑपरेशन क्लीन’: सेमरा के बगीचे में चल रहे मिनी कैसिनो का पर्दाफाश
मुगलसराय (चन्दौली)। जनपद में जुआरियों और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत मुगलसराय पुलिस और SOG (स्वाट/सर्विलांस) की संयुक्त टीम को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने ग्राम सेमरा में घेराबंदी कर जुए के एक बड़े नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया है।
मग्गू पटेल के घर के पास बगीचे में चल रहा था दांव, पुलिस ने चारों तरफ से घेरा
पुलिस को मुखबिर के जरिए सटीक सूचना मिली थी कि ग्राम सेमरा के सिवान में मग्गू पटेल के घर और उसके पास स्थित बगीचे को जुए के अड्डे के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह और एसओजी प्रभारी रामजनम यादव के नेतृत्व में टीम ने बगीचे की घेराबंदी की। अचानक हुई छापेमारी से वहां मौजूद जुआरियों में हड़कंप मच गया और वे भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए 14 अभियुक्तों को मौके पर ही दबोच लिया।
बरामदगी का लेखा-जोखा:
52 मोटरसाइकिलें देख पुलिस भी हैरानछापेमारी के दौरान जो बरामदगी हुई, उसने इस अड्डे की भव्यता का खुलासा कर दिया। पुलिस ने मौके से निम्नलिखित सामान जब्त किया है:
नकदी: ₹1,17,220 (जमा तलाशी और फड़ से)।
वाहन: 52 मोटरसाइकिलें (जो अलग-अलग जिलों से आए जुआरियों की थीं)।
हथियार: 32 बोर का 01 जिंदा कारतूस और 04 खोखा कारतूस।
अन्य: 12 स्मार्ट फोन और 208 ताश के पत्ते।
शातिर चाल:
हर 15 दिन में बदल देते थे अपना ‘अड्डा’पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे पुलिस को चकमा देने के लिए बेहद शातिर तरीका अपनाते थे। वे एक ही जगह पर 10-15 दिन से ज्यादा जुआ नहीं खेलते थे। पहले ये खेल गंगा किनारे चलता था, लेकिन वहां विवाद होने के बाद इन्होंने मग्गू पटेल के घर और बगीचे को अपना नया ठिकाना बनाया था। निगरानी के लिए ये लोग मोबाइल और गार्ड्स का सहारा भी लेते थे।
बनारस, मिर्जापुर और चन्दौली के जुआरियों का था संगमगिरफ्तार किए गए 14 अभियुक्तों में केवल स्थानीय लोग ही नहीं, बल्कि वाराणसी और मिर्जापुर के शातिर अपराधी भी शामिल हैं।
गिरफ्तार लोगों की सूची इस प्रकार है:
जितेन्द्र कुमार पाल, शेख अब्दुल्ला, राशिद खान, आलोक कुमार कसेरा, श्याम बाबू, संतोष यादव, रिंकू तिवारी, आकाश साहनी, बनारसी दीक्षित, अरविंद गिरि, छोटू कन्नौजिया, अर्शलान अहमद, संतोष पटेल और मो. शानू।
सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू पुलिस ने सभी अभियुक्तों के खिलाफ मु.अ.सं. 135/2026 धारा 3/4 सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है। इस बड़ी सफलता के लिए कप्तान ने पुलिस टीम की पीठ थपथपाई है।











