सनसनीखेज: UP कॉलेज में छात्र की हत्या करने वाला मंजीत चौहान चढ़ा पुलिस के हत्थे, पूछताछ में खुले कई राज।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी: UP कॉलेज के छात्र सूर्यप्रताप हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, रैगिंग के विवाद में मारी गई थी 5 गोलियां

वाराणसी (इण्डिया समाचार 24×7)। धर्मनगरी वाराणसी के प्रतिष्ठित उदय प्रताप (UP) कॉलेज परिसर में हुए सनसनीखेज सूर्यप्रताप सिंह हत्याकांड में शिवपुर पुलिस और SOG टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद घटना के मुख्य अभियुक्त मंजीत चौहान को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त अवैध पिस्टल और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

रैगिंग और पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह

गिरफ्तारी के बाद कड़ी पूछताछ में अभियुक्त मंजीत चौहान ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। मंजीत ने पुलिस को बताया कि मृतक सूर्यप्रताप सिंह और उसके साथी अक्सर कॉलेज में रैगिंग के नाम पर उसके और उसके दोस्तों के साथ मारपीट और बदसलूकी करते थे।

घटना वाले दिन भी प्रशासनिक भवन के पास दोनों गुटों के बीच तीखी नोकझोंक और डराने-धमकाने की बात हुई थी। इसी आपसी रंजिश और गुस्से में आकर मंजीत और उसके साथी अनुज सिंह ने सूर्यप्रताप पर अंधाधुंध करीब 4-5 राउंड फायरिंग कर दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

भोर में पुलिस की दबिश, छत से कूदकर भाग रहा था आरोपी

पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देशन में गठित संयुक्त टीम (शिवपुर पुलिस व एस.ओ.जी.) लगातार फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही थी। सर्विलांस और मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने शनिवार तड़के करीब 05:45 बजे रामेश्वर महादेव इंटर कॉलेज (शिवपुर) के पास घेराबंदी की।

पकड़े जाने के डर से अभियुक्त मंजीत चौहान (उम्र 20 वर्ष, निवासी चांदमारी) ने छत से कूदकर भागने की कोशिश की, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे उसी हालत में दबोच लिया।

हथियार और कारतूस बरामद

फील्ड यूनिट और पुलिस टीम ने घटनास्थल और आरोपी की निशानदेही पर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। बरामदगी का विवरण इस प्रकार है:

  • 01 अवैध पिस्टल (हत्या में प्रयुक्त)
  • 01 जिंदा कारतूस (7.65 एमएम)
  • 04 खोखा कारतूस और 01 बुलेट

फरार दूसरे आरोपी की तलाश जारी

प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम मामले की कानूनी कार्यवाही को आगे बढ़ा रही है। इस सफल ऑपरेशन में उप-निरीक्षक कृष्ण कुमार सरोज, अनिकेत श्रीवास्तव, मुख्य आरक्षी लवकुश कुमार, और आरक्षी किशन सोनकर समेत फील्ड यूनिट की अहम भूमिका रही। पुलिस प्रशासन का कहना है कि घटना में शामिल दूसरे फरार आरोपी अनुज सिंह को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


indiasamachar24x7.in न्यूज़ डेस्क

और पढ़ें

चंदौली में बेकाबू हुआ अपराध: हत्या, लूट और दुष्कर्म की घटनाओं से दहला जनपद! आखिर कौन है जिम्मेदार?
error: Content is protected !!