रोटरी एवं रोट्रैक्ट क्लब विंध्याचल ने निकाली विशाल पोलियो जागरूकता रैली, बच्चों ने दिया पोलियो उन्मूलन का संदेश

मिर्जापुर। विश्व पोलियो दिवस पखवाड़े के अंतर्गत आज रोटरी क्लब विंध्याचल एवं रोट्रैक्ट क्लब विंध्याचल के संयुक्त तत्वावधान में नगर स्थित विशाल इंटर कॉलेज से बच्चों के साथ एक विशाल पोलियो जागरूकता रैली का आयोजन किया गया । रैली में सैकड़ों की संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
रैली में शामिल बच्चे हाथों में पोलियो उन्मूलन से संबंधित बैनर, पोस्टर एवं रोटरी ध्वज लेकर निकले। इस दौरान बच्चों ने नारों के माध्यम से आमजन को पोलियो के प्रति जागरूक किया तथा पोलियो मुक्त विश्व के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने का संदेश दिया। रैली विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर सांसद कार्यालय होते हुए पटेल चौक पहुँची और वहाँ से पुनः विद्यालय की ओर रवाना हुई।
इस अवसर पर रोटरी क्लब विंध्याचल के अध्यक्ष प्रतीक अग्रवाल ने कहा कि पोलियो उन्मूलन के वैश्विक अभियान में रोटरी इंटरनेशनल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। रोटरी वर्षों से पोलियो के विरुद्ध संघर्ष कर रहा है और विश्व को पोलियो मुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। आज भी कुछ देशों में पोलियो के मामले सामने आते हैं, इसलिए जागरूकता एवं टीकाकरण के प्रयासों को निरंतर जारी रखना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से रैली का आयोजन किया गया, ताकि समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पोलियो उन्मूलन का संदेश पहुँचे।
कार्यक्रम संयोजक संजय सिंह गहरवार ने कहा कि बच्चों के साथ निकाली गई इस रैली के माध्यम से समाज में एक सकारात्मक एवं प्रभावशाली संदेश पहुँचा है।
विशाल इंटर कॉलेज के प्रबंधक वीरेंद्र कुमार ने रोटरी क्लब विंध्याचल के इस प्रयास की सराहना की। सभी बच्चों को बिस्किट और फल भी दिया गया।
कार्यक्रम में रोट्रैक्ट क्लब के सचिव प्रखर गुप्ता, मयंक गुप्ता , गौरव खेमका, विष्णु गुप्ता, सत्यम गुप्ता, अजय जायसवाल सहित रोटरी एवं रोट्रैक्ट क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय परिवार एवं सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।











