इलाज या कत्लगाह? बिना मानक चल रहे अस्पताल ने ली महिला की जान, गर्भ में ही बच्चे ने भी तोड़ा दम।
झोलाछाप डॉक्टर पर गंभीर आरोप: प्रसूता की मौत से मचा हड़कंप, “मौत का अस्पताल” बना चर्चा का विषयचकिया (चंदौली)। जनपद चंदौली के चकिया क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज और चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां कथित तौर पर एक झोलाछाप डॉक्टर के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान एक प्रसूता महिला की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश और दहशत का माहौल है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, कथित डॉक्टर पूजा मौर्या द्वारा संचालित निजी अस्पताल में बिना मानकों के ऑपरेशन, भर्ती और इलाज का कार्य किया जा रहा था। आरोप है कि सरकारी अस्पताल से रेफर किए गए जच्चा-बच्चा मरीज को यहां भर्ती किया गया, जहां इलाज के दौरान महिला की हालत लगातार बिगड़ती चली गई।सूत्रों के मुताबिक, गर्भ में ही शिशु की पहले मौत हो चुकी थी, बावजूद इसके महिला को समय पर उचित और मानक इलाज नहीं दिया गया। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में न तो पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं मौजूद थीं और न ही प्रशिक्षित स्टाफ, जिसके चलते महिला की स्थिति गंभीर होती गई।परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि जब महिला की हालत अत्यधिक बिगड़ गई, तब अस्पताल प्रबंधन ने जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते हुए उसे आनन-फानन में बिना ऑक्सीजन और पर्याप्त चिकित्सा सुविधा के निजी वाहन से रेफर कर दिया। रास्ते में ही महिला ने दम तोड़ दिया।इस दर्दनाक घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई पहला मामला नहीं है, इससे पहले भी इसी अस्पताल में प्रसूताओं की मौत के आरोप लग चुके हैं। बावजूद इसके कार्रवाई के अभाव में यह अस्पताल लगातार संचालित होता रहा, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। परिजन और ग्रामीण आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। साथ ही स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की भूमिका पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं कि आखिर बिना लाइसेंस और बिना मानकों के ऐसे अस्पताल कैसे संचालित हो रहे हैं। लोगों की मांग है कि दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही से किसी और की जान न जाए।वहीं अब देखना दिलचस्प होगा कि इस झोलाछाप डॉक्टर और इसके गिरोह पर कार्रवाई होती है या मामले को ठंडा बस्ते में पूर्व की भांति डाल दिया जाता है।










