खुर्जा (बुलंदशहर)। पुलिस के दावों और कार्रवाई की धज्जियां उड़ाते हुए खुर्जा के शादाब का खौफनाक चेहरा एक बार फिर सोशल मीडिया पर सामने आया है।
रिपोर्ट दीपक चौहान
महंगी गाड़ियों के काफिले और अवैध हथियारों के साथ स्टंटबाजी करने का शौकीन शादाब एक बार फिर दो नए वीडियो वायरल होने के बाद सुर्खियों में है।
ताजा वायरल वीडियो में शादाब बेहद खतरनाक अंदाज में लग्जरी गाड़ी से स्टंट करते हुए और सरेआम कुछ युवकों पर लोडेड पिस्टल तानते हुए दिखाई दे रहा है। खुलेआम गुंडागर्दी का यह वीडियो सामने आते ही इलाके में दहशत का माहौल है।गौरतलब है कि महज एक दिन पहले ही शादाब का दूल्हे की वेशभूषा में महज 6 सेकंड के भीतर 17 राउंड दनादन हवाई फायरिंग करने का खौफनाक वीडियो वायरल हुआ था। उस सनसनीखेज वीडियो के आधार पर खुर्जा कोतवाली पुलिस ने आरोपी शादाब के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।लेकिन पुलिस एफआईआर का भी इस बेखौफ आरोपी पर कोई असर नहीं दिखा। मुकदमा दर्ज होने के बावजूद आरोपी न सिर्फ पुलिस की गिरफ्त से बाहर घूम रहा है, बल्कि लगातार एक के बाद एक अवैध हथियारों के साथ वीडियो पोस्ट कर कानून-व्यवस्था को सीधी चुनौती दे रहा है।पुलिस की नाकामी और आरोपी की दुस्साहसिक गतिविधियों को लेकर अब जनता में भारी आक्रोश और खौफ है। फिलहाल पुलिस की टीमें फरार शादाब की तलाश में दबिश देने का दावा कर रही हैं।











