वाराणसी के नमो घाट पर सुरक्षाकर्मियों और पर्यटकों में खूनी झड़प, 17 वर्षीय किशोर की मौत
वाराणसी का प्रसिद्ध नमो घाट रविवार सुबह एक बड़े हादसे का गवाह बना। यहाँ घूमने आए पर्यटकों और घाट के प्राइवेट सुरक्षा गार्डों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में लाठी-डंडे और मारपीट शुरू हो गई। इस हिंसक झड़प में सोनभद्र के रहने वाले 17 वर्षीय राजेश (उर्फ चिंटू) को गंभीर चोटें आईं।
घायल अवस्था में उसे तुरंत मंडलीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह ने बताया कि आदमपुर थाना क्षेत्र के नमो घाट रैम्प गेट के पास यह विवाद हुआ था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। घाट पर लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है ताकि पूरी सच्चाई सामने आ सके।









