
कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल पहुंचे सेमरी गांव, मृतक प्रिंस के परिजनों को बंधाया ढांढस
डीआईजी से दूरभाष पर वार्ता कर मृतक प्रिंस हत्याकांड और गेंदलाल बिंद हत्याकांड के अन्य दोषियों पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश
मीरजापुर। 14 नवंबर 2026 को विंध्याचल थाना क्षेत्र के सेमरी गांव में 11 वर्षीय बालक प्रिंस के अपहरण कर हत्या और 45 वर्षीय गेंदलाल बिंद की मारपीट कर हत्या की घटना से पूरा गांव शोक में डूबा हुआ है। आज शनिवार को कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल पीड़ित परिवारों के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की।
कैबिनेट मंत्री ने मृतक प्रिंस के पिताजी से गंभीरता से वार्ता की और पूरी घटना के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मासूम बच्चे के साथ हुई यह घटना अत्यंत दुखद, पीड़ादायक और निंदनीय है। इस दुख की घड़ी में सरकार पूरी तरह से पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।
उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। जो भी लोग इस घटना में दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर संभव मदद दी जाएगी।
इन दोनों घटनाओं के तुरंत बाद माननीय केंद्रीय मंत्री श्रीमती अनुप्रिया पटेल ने विशेष नजर रखी, जिससे दोषियों को तुरंत पकड़ा गया और दोषी पुलिसकर्मियों के ऊपर कार्रवाई की गई।
पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने दूरभाष द्वारा डीआईजी से वार्ता की और कहा कि प्रिंस हत्याकांड और गेनालाल हत्याकांड के अन्य दोषियों पर भी सख्त कार्रवाई की जाए।
कैबिनेट मंत्री ने स्पष्ट किया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
परिजनों से मुलाकात के दौरान गांव में शोक का माहौल रहा। मंत्री ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और हर संभव सहयोग का भरोसा दिया।
इस दौरान जिला अध्यक्ष इंजीनियर राम लौटन बिंद, छानबे विधायक रिंकी कोल, पूर्व जिला महामंत्री भाजपा हरिशंकर सिंह पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष आईटी मंच दुर्गेश पटेल, वरिष्ठ पदाधिकारी भाजपा राजेंद्र पाठक, प्रदेश सचिव रामवृक्ष बिंद, पूर्व जिला उपाध्यक्ष संजय उपाध्याय, जिला सचिव कुलदीप पटेल, जोन अध्यक्ष अवधेश पाल, युवा मंच महासचिव हर्षित पटेल, जिला कार्यकारिणी सदस्य गुंडा बिंद सहित स्थानीय तमाम कार्यकर्ता उपस्थित रहे।













