शीत ऋतु से पहले नगर पालिका कर्मचारियों को गर्म वस्त्र वितरित कर श्याम सुंदर केशरी ने दिया संवेदनशीलता और सम्मान का संदेश

मीरजापुर। आगामी शीत ऋतु के दृष्टिगत स्टेशन रोड स्थित शिव शक्ति लॉन में नगर पालिका परिषद, मीरजापुर के अध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी द्वारा नगर पालिका परिषद में कार्यरत कर्मचारियों को गर्म वस्त्रों का वितरण किया गया।
इस अवसर पर श्याम सुंदर केशरी ने कर्मचारियों के प्रति संवेदनशीलता, सम्मान और अपनत्व का भाव प्रदर्शित करते हुए उनके कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि जब नगरवासी कड़ाके की ठंड में अपने घरों में विश्राम कर रहे होते हैं, तब हमारे स्वच्छताग्राही एवं सफाई कर्मचारी प्रातःकाल से ही नगर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे होते हैं। नगर की स्वच्छता एवं बेहतर व्यवस्थाओं में इन कर्मयोगियों का योगदान अतुलनीय है।
श्याम सुंदर केशरी का यह प्रयास केवल गर्म वस्त्र वितरण तक सीमित नहीं, बल्कि नगर पालिका परिवार के उन कर्मयोगियों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की अभिव्यक्ति है, जिनके अथक परिश्रम से नगर की व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित होती हैं।
उनकी कार्यशैली में जनसेवा के साथ-साथ कर्मचारियों के सुख-दुःख का सहभागी बनने और उनके सम्मान एवं कल्याण को प्राथमिकता देने की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई देती है।
श्याम सुंदर केशरी ने संदेश दिया कि कर्मचारियों का सम्मान ही नगर के विकास की मजबूत नींव है।
निश्चित रूप से यह पहल अन्य जनप्रतिनिधियों और संस्थाओं के लिए भी प्रेरणादायी है। नगर के विकास के साथ-साथ नगर की सेवा करने वाले प्रत्येक कर्मयोगी का सम्मान और कल्याण सुनिश्चित करना ही सच्चे नेतृत्व की पहचान है।
इस अवसर पर सभासद विजय प्रजापति जी सभासद संदीप तिवारी जी आदि लोग रहे।













