शिकारपुर (बुलंदशहर)। अहमदगढ़ कस्बे में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
रिपोर्ट दीपक चौहान
जानकारी के मुताबिक, पूठरी कलां निवासी कुलदीप (26 वर्ष, पुत्र सतीश) रविवार शाम अहमदगढ़ स्थित बंटी होटल पर खाना खाने जा रहा था। जैसे ही वह होटल के पास पहुंचा, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कुलदीप सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आनन-फानन में एंबुलेंस के जरिए घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शिकारपुर भिजवाया। सीएचसी के डॉक्टरों ने युवक की नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।थाना प्रभारी वरुण कुमार शर्मा ने बताया कि घायल को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर भेजा गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और घटना को अंजाम देकर फरार हुए अज्ञात वाहन व उसके चालक की तलाश में जुटी है।











