शिकारपुर (बुलंदशहर): तहसील क्षेत्र के गाँव धतूरी में रविवार को सभी समाज के लोगों की एक सर्वसमाज महापंचायत का आयोजन किया गया।
रिपोर्ट दीपक चौहान
भारतीय किसान यूनियन महाशक्ति के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर धर्मेन्द्र सिंह (धतूरी) की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में यूजीसी (UGC) के नए नियमों को “काला कानून” बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की गई। कार्यक्रम का कुशल संचालन भानु प्रताप सिंह ने किया।भाजपा से नाराजगी, नेताओं के बहिष्कार की चेतावनीमहापंचायत में मौजूद सवर्ण समाज और अन्य वर्गों के लोगों ने केंद्र सरकार के प्रति गहरा आक्रोश जताया। ग्रामीणों ने कहा कि सवर्ण समाज ने हमेशा भाजपा को एकतरफा वोट देकर सत्ता तक पहुँचाया, लेकिन बदले में उन्हें केवल उपेक्षा और छलावा मिला।
वक्ताओं ने चेतावनी दी कि अब यह अत्याचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो नेता या जनप्रतिनिधि इस मुद्दे पर समाज के साथ खड़े नहीं होंगे, गाँव-गाँव जाकर उनका पूर्ण सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा।महिलाओं और युवाओं का बढ़ा भागीदारीइस बैठक की सबसे खास बात युवाओं, माताओं और बहन-बेटियों की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही।
बुजुर्गों ने युवाओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि सरकार द्वारा युवाओं के भविष्य के साथ किए जा रहे इस खिलवाड़ का मुँहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
समाज अब किसी भी नेता या अधिकारी के बहकावे में आकर कोई समझौता नहीं करेगा।
कलेक्ट्रेट घेराव और गाँव-गाँव पंचायत की रणनीतिग्रामीणों ने ठाकुर धर्मेन्द्र सिंह से आंदोलन का नेतृत्व करने की अपील की, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार किया। निर्णय लिया गया कि इसी महीने हजारों की संख्या में एकत्र होकर कलेक्ट्रेट का घेराव किया जाएगा। साथ ही आपसी भाईचारे को मजबूत बनाए रखने और कानून के विरोध में गाँव-गाँव जाकर जनपंचायतें आयोजित करने का संकल्प लिया गया।












