शिकारपुर विधायक अनिल शर्मा का निधन, दिल्ली के अस्पताल में ली अंतिम सांस
* रिपोर्ट दीपक चौहान बुलंदशहर*
शिकारपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक एवं पूर्व राज्यमंत्री अनिल शर्मा का बुधवार को दिल्ली के एक अस्पताल में लंबी बीमारी के चलते निधन हो गया।
वह पिछले काफी समय से कैंसर की बीमारी से जूझ रहे थे और दिल्ली में उनका उपचार चल रहा था। विधायक अनिल शर्मा के निधन की खबर से बुलंदशहर जनपद और शिकारपुर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
अनिल शर्मा शिकारपुर विधानसभा क्षेत्र के गांव सुरजावली के निवासी थे और उनकी उम्र करीब 63 वर्ष थी। अनिल शर्मा वर्ष 2002 और 2007 में खुर्जा विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए थे।
इसके बाद वर्ष 2017 में भाजपा के टिकट पर शिकारपुर से विधायक बने और योगी आदित्यनाथ सरकार में वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री रहे। वर्ष 2022 में उन्होंने एक बार फिर शिकारपुर विधानसभा सीट से जीत दर्ज की थी।












