देखो अपना देश-पीपल्स चाॅइस-2024 अभियान के तहत पसंदीदा पर्यटन स्थल को करे वोट
रिपोर्ट विकास तिवारी
मीरजापुर 22 नवम्बर 2024- भारत सरकार पर्यटन मंत्रालय के द्वारा चलाए जा रहे ‘‘देख अपना देश-पीपल्स चाॅइस-2024’’ को उत्तर प्रदेश का पर्यटन विभाग द्वारा इस महा अभियान को भव्य रूप देने के लिए प्रत्येक जनपदों में अभियान चलाया जा रहा हैं। 25 नवम्बर 2024 तक चलने वाले इस कैम्पेन में जन सामान्य, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी के अलावा जनपद का कोई भी नागरिक राज्य/जनपद में स्थित अपने पसंदीदा स्थल को वोट दे सकता हैं, साथ ही सेल्फी प्वाइंट पर सेल्फी लेकर पोर्टल पर अपलोड कर सकते हैं। पर्यटन विभाग द्वारा जारी दिशा निर्देश में यह भी कहा गया है कि इस महा अभियान में सबसे अधिक योगदान देने वाले को आकर्षक पुरस्कार से पुरस्कृत किया जाएगा। पर्यटन विभाग के द्वारा जारी क्यू0आर0कोड स्कैन कर पोर्टल पर फार्म भरकर अपने पंसदीदा पर्यटन स्थल को बता सकते हैं। इसके साथ ही हाल ही में किस स्थल पर कहां टहल कर आए है अथवा आगे कहां पर घूमने की योजना बना रखे हैं। इस तरह की अन्य सूचनाए भी पोर्टल पर दर्ज कर सकते हैं। प्रमुख सचिव पर्यटन ने बताया कि इसका उद्देश्य प्रदेश के धार्मिक, अध्यात्मिक, सांस्कृतिक व भगवान बुद्ध, प्रभु श्रीराम, श्रीकृष्ण सहित अन्य ऐतिहासिक व प्राकृतिक विरासत से जुड़े सर्वश्रेष्ट पर्यटक स्थलों के सम्बन्ध में आम लोगो की राय जानना हैं। इसके माध्यम से इन स्थलों को विश्व स्तरीय पर्यटन स्थलों के रूप में विकसित किया जा सकें।